आई.ओ.सी. के डिपो में आग,कोई हताहत नहीं..
मुंबई के बाहरी इलाके में स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक लुब्रिकेंट फिलिंग डिपो में लगी आग पर कुछ ही घंटों में नियंत्रण पा लिया गया।
आईओसी के अध्यक्ष बी एम बंसल ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, 'आग लगने की घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।'
मुंबई के बाहरी इलाके तालोजा स्थित इस डिपो में डिब्बों में भरने के लिए लुब्रिकेंट ऑयल था। यहां कच्चा तेल नहीं था।
बंसल ने बताया कि आग लगने की जानकारी रात लगभग डेढ़ बजे मिली और इस पर सुबह लगभग साढ़े सात बजे तक पूरी तरह काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि डिपो में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक काम होता है और आग लगने के समय यह बंद था।
बंसल के मुताबिक, 'संयंत्र में अन्य सभी स्टोरेज टैंक फार्म्स, उत्पादन इकाइयां, प्रयोगशाला और अग्निशमन उपकरण सुरक्षित हैं।' मुंबई में एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग की शुरूआत लुब्रिकेंट ऑयल से भरे डिब्बों से हुई।
बंसल ने बताया कि सुरक्षा में तैनात जवानों ने रात लगभग डेढ़ बजे आग लगने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरूआती रिपोर्ट से पता चलता है कि आग का कारण इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट था।
उन्होंने कहा कि आग का सही कारण और नुकसान का वास्तविक आकलन आग के ठंडे होने का अभियान पूरा होने के बाद हो सकेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें